Loading...

केएम विश्वविद्यालय में मिला प्रदेश के 150 शिक्षकों को एडुलीडर्स सम्मान

Gargachary Times 5 October 2026, 20:40 39 views
Mathura
केएम विश्वविद्यालय में मिला प्रदेश के 150 शिक्षकों को एडुलीडर्स सम्मान
मथुरा। स्वप्रेरित और ऊर्जावान टेक्नोसेवी शिक्षकों के समूह 'एडुलीडर्स' द्वारा मथुरा स्थित केएम विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय शैक्षिक समागम का भव्य समापन हुआ। "शिक्षा में श्रीमद्भगवद्गीता आधारित मूल्यों का समावेश" विषयक संगोष्ठी एवं एडुलीडर्स सम्मान समारोह 2026 के इस मंच से प्रदेश के 75 जनपदों से आए 150 उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए 'एडुलीडर्स सम्मान 2026' से नवाजा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं केएम विश्वविद्यालय के कुलाधिपति किशन चौधरी एवं एड़ूलीडर्स के संस्थापक राष्ट्रपति पदक प्राप्त शिक्षक डॉ सर्वेष्ट ने किया। प्राथमिक विद्यालय सिहुरा द्वितीय (विकास खंड राया, मथुरा) की टीम द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं केएम विश्वविद्यालय के कुलाधिपति किशन चौधरी ने ब्रजभाषा में संस्मरण सुनाकर उपस्थित शिक्षकों को भाव-विभोर कर दिया। उन्होंने कहा, "गीता का निष्काम कर्म, स्थितप्रज्ञ और ध्यान योग का दर्शन विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता और निर्णय क्षमता को सुदृढ़ करने के लिए अत्यंत प्रासंगिक है।" विशिष्ट अतिथि बीएसए मथुरा श्रीमती रतन कीर्ति ने एडुलीडर्स के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यदि शिक्षक हर बच्चे को अपना समझकर शिक्षा दे, तो शिक्षा का परिदृश्य पूरी तरह बदल जाएगा। डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय (प्रवक्ता, आगरा) ने कहा कि शिक्षक की सफलता इसी में है कि वह बच्चे को योग्य, मुखर और प्रश्न पूछने में सक्षम बनाए। उन्होंने 'श्रेष्ठा योजना' पर भी प्रकाश डाला। अतुल (स्वामी विवेकानंद मिशन, कन्याकुमारी ने इस बात पर बल दिया कि बच्चों को हर कार्य के बदले इनाम का लालच दिए बिना संस्कार दिए जाएं, तभी एक कुशल नागरिक का निर्माण संभव है। मनीष (सीखो-सिखाओ फाउंडेशन) ने शिक्षकों को अपने शैक्षणिक नवाचारों को आपस में साझा करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के संयोजक एवं राष्ट्रपति पदक प्राप्त शिक्षक डॉ. सर्वेष्ट मिश्र ने टीम एडुलीडर्स द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी गतिविधियों की जानकारी दी और अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। समागम में सत्यमेव जयते ट्रस्ट के मुकेश जैन, ऋषिकुल इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य मदन मोहन शर्मा, सीखो-सिखाओ फाउंडेशन के प्रतिनिधि संजीव सिंह, केएम यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. एन.सी. प्रजापति, रजिस्ट्रार डॉ. पूरन सिंह, रिसर्च सेंटर के डीन डॉ. अशोक कुमार तथा चांसलर सलाहकार डॉ. एस.पी. गोस्वामी सहित, जिला पंचायत अध्यक्ष के भ्राता भूप सिंह कुंतल सहित कई शिक्षाविदों ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का सफल संयोजन मथुरा के शिक्षक नरेंद्र तिवारी एवं अरविंद शर्मा ने किया। इस दौरान मथुरा टीम द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। समारोह में प्रदेश भर से आए सैकड़ों शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Follow Samachar24