Loading...

नगर निगम में ठेका सफाई कर्मचारियों का धरना, महापौर भी बैठीं साथ वेतन खातों में पहुंचने तक धरने से नहीं उठने की महापौर कामिनी राठौर ने कही बात

Gargachary Times 5 October 2026, 20:43 67 views
Firozabad
नगर निगम में ठेका सफाई कर्मचारियों का धरना, महापौर भी बैठीं साथ वेतन खातों में पहुंचने तक धरने से नहीं उठने की महापौर कामिनी राठौर ने कही बात
फिरोजाबाद। नगर निगम में ठेका सफाई कर्मचारियों समेत अन्य ठेका कर्मियों ने सोमवार को विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश ठेका सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी, सीवर हेल्पर, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन कर्मचारी और अन्य ठेका कर्मी नगर निगम परिसर में धरने पर बैठे। कर्मचारियों ने हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया और जल्द मांगें पूरी किए जाने की मांग की। धरने के दौरान नगर निगम की महापौर कामिनी राठौर भी कर्मचारियों के बीच पहुंचीं और उनके साथ धरने पर बैठ गईं। महापौर ने कहा कि जब तक कर्मचारियों के बैंक खातों में वेतन नहीं पहुंच जाता, तब तक वह भी उनके साथ धरने पर बैठी रहेंगी। कर्मचारियों ने मांग की कि अकुशल ठेका कर्मियों को 15,007 रुपये और कुशल ठेका कर्मियों को 18,000 रुपये मासिक वेतन उनके खातों में दिया जाए। साथ ही वेतन में किसी प्रकार की कटौती नहीं किए जाने की मांग की गई। संघ ने साईनाथ कंपनी द्वारा अनुबंध के नाम पर कराए जा रहे कथित अनुचित समझौते को निरस्त करने की मांग भी उठाई। कर्मचारियों ने काम के दौरान किसी ठेका कर्मी की मृत्यु होने पर परिवार को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग रखी। प्राकृतिक मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए 25 हजार रुपये की तत्काल सहायता देने की मांग भी की गई। इसके अलावा स्थानांतरण या नियुक्ति से पहले कर्मचारी संघ की सहमति लेने तथा ठेकों में कथित अनियमितताओं और दस्तावेजों की गड़बड़ी की एसआईटी से जांच कराने की मांग की गई। एक महीने बाद फिर धरने पर बैठे कर्मचारी महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि एक सितंबर को भी सफाई कर्मचारियों ने वेतन समेत विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल की थी। उस समय विधायक और नगर आयुक्त ने मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन एक माह बीतने के बाद भी वेतन संबंधी समस्या का समाधान नहीं हुआ। महापौर ने बताया कि उन्होंने नगर आयुक्त और अन्य अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कर्मचारियों की समस्या पर बातचीत की। अधिकारियों ने आवश्यक हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वेतन खातों में पहुंचने की बात कही। इस पर महापौर ने फाइल मौके पर मंगाने के निर्देश दिए।महापौर ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर निगम परिवार का हिस्सा हैं और विपरीत मौसम में भी शहर की सफाई व्यवस्था संभालते हैं। उनकी समस्याओं का गंभीरता से समाधान होना चाहिए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
Follow Samachar24