Loading...

संभव जनसुनवाई में 17 शिकायतें प्राप्त, अधिकारियों को समय सीमा में निस्तारण के निर्देश

Gargachary Times 7 October 2026, 06:26 4 views
Mathura
संभव जनसुनवाई में 17 शिकायतें प्राप्त, अधिकारियों को समय सीमा में निस्तारण के निर्देश
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा। उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री की पहल पर जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए प्रत्येक मंगलवार को आयोजित किए जा रहे “संभव” संतुष्टि एवं समृद्धि कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नगर निगम कार्यालयों में जनसुनवाई की गई। भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय में अपर नगर आयुक्त सुनीता सिंह एवं प्रियंका सिंह ने शिकायतें सुनीं। वहीं वृंदावन जोन में सहायक नगर आयुक्त नीरज शर्मा तथा सिटी जोन जनरल गंज कार्यालय में अवर अभियंता अजय कुमार ने जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। भूतेश्वर जोन में कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सफाई से संबंधित चार, अतिक्रमण की पांच और प्रकाश विभाग से संबंधित एक शिकायत शामिल रही। इनमें से सफाई से संबंधित एक शिकायत का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं वृंदावन जोन में कुल सात शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें पांच शिकायतें जलकल विभाग, एक निर्माण विभाग और एक प्रकाश विभाग से संबंधित रही। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर नगर आयुक्त प्रियंका सिंह, अपर नगर आयुक्त सुनीता सिंह, सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक, महाप्रबंधक जल मोहम्मद अनवर ख्वाजा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामगोपाल, अधिशासी अभियंता निर्माण अमरेंद्र गौतम, कर निर्धारण अधिकारी अरविंद, सहायक अभियंता जलकल हेमेंद्र गौतम, अवर अभियंता विद्युत/यांत्रिकी शैलेश सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
Follow Samachar24