नवम्बर से पहले ग्लास म्यूजियम ऑडिटोरियम का काम पूरा करें: औचक निरीक्षण में जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को दिए सख्त निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
Gargachary Times
7 October 2026, 20:54
42 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने ग्लास म्यूजियम ऑडिटोरियम के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का औचक निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऑडिटोरियम का शेष कार्य नवंबर माह से पहले हर हाल में गुणवत्तापूर्वक पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी पर सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं होने अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ऑडिटोरियम की संरचनात्मक सजावट के साथ सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम की सुंदरता महत्वपूर्ण है, लेकिन वहां आने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निर्माण में सुरक्षा के दृष्टिकोण से किसी भी प्रकार की कमी या खामी नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं को शेष कार्यों की दैनिक स्तर पर निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कर ऑडिटोरियम को तैयार करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखने और निर्माण के प्रत्येक चरण में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।