फिरोजाबाद के सामूहिक किचन बन रहे आकर्षण का केंद्र खाद्य सुरक्षा विभाग की पहल और डीएम के निर्देशों का असर
Gargachary Times
7 October 2026, 20:57
45 views
Firozabad
फिरोजाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से पिछले दो वर्षों से किए जा रहे लगातार प्रयासों और जिलाधिकारी के निर्देशों का असर अब जिले के बड़े सामूहिक किचन और मेस में दिखाई देने लगा है। बड़ी संख्या में लोगों को भोजन उपलब्ध कराने वाले इन संस्थानों में स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्यवर्धक भोजन की व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
पुलिस लाइन, चिकित्सालयों की कैंटीन, विद्यालयों और विश्वविद्यालयों के मेस सहित विभिन्न संस्थानों में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम नियमित निरीक्षण कर रही है। टीम द्वारा संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के साथ कमियों में सुधार भी कराया जा रहा है। सहायक आयुक्त (खाद्य) चन्दन पाण्डेय ने बताया कि सामूहिक किचन और मेस में एक साथ बड़ी संख्या में लोग भोजन करते हैं, इसलिए यहां खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने बताया कि जनपद में पुलिस लाइन, एफएच मेडिकल कॉलेज, एफएस मेडिकल कॉलेज समेत छह संस्थानों को ‘ईट राइट कैंपस’ के रूप में विकसित कराया जा चुका है। वहीं स्वशासी मेडिकल कॉलेज एवं संयुक्त चिकित्सालय, शिकोहाबाद में भर्ती मरीजों को दिए जाने वाले भोजन और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के लिए चेकलिस्ट जारी कर आवश्यक सुधार कराए गए हैं। जिला कारागार समेत अन्य संस्थानों को भी जल्द ‘ईट राइट कैंपस’ की श्रेणी में लाने की कार्रवाई चल रही है।
इन मानकों पर होता है काम
‘ईट राइट कैंपस’ के लिए किचन और मेस का स्वच्छ एवं उचित डिजाइन, भोजन बनाने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, कच्चे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसके अलावा कर्मचारियों को खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण देने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित भोजन परोसने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है। स्टॉक रजिस्टर और खरीदे जाने वाले खाद्य पदार्थों का उचित विवरण भी रखा जाता है।लखनऊ और दिल्ली की टीम कर सकती है विजिट
सहायक आयुक्त ने बताया कि फिरोजाबाद के सामूहिक किचन और मेस को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के क्षेत्र में रोल मॉडल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में लखनऊ और दिल्ली की टीम द्वारा इन संस्थानों का निरीक्षण किए जाने की संभावना है।
कार्य को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा. तुलिका शर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा. अनिल यादव, डा. मनोज कुमार और डा. सूरज कुमार को प्रभारी नामित किया गया है। विभाग का कहना है कि सामूहिक किचन और मेस में खाद्य सुरक्षा, व्यक्तिगत हाइजीन, कच्चे माल की गुणवत्ता और सुरक्षित भोजन की व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है