जरूरतमंद परिवारों के लिए मदद का हाथ, कोमल फाउंडेशन ने बांटी राशन किट
Gargachary Times
7 October 2026, 20:58
36 views
Firozabad
फिरोजाबाद। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कोमल फाउंडेशन की ओर से ग्राम सेवला, पोस्ट ओखरा में राशन किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान करीब 60 जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं एवं अन्य लोगों को आवश्यक खाद्य सामग्री से युक्त राशन किट वितरित की गईं।राशन किट पाकर जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर खुशी और संतोष नजर आया। राशन किट का वितरण राज्य युवा पुरस्कार विजेता एवं कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया तथा श्री सागर सिंह उर्मिला देवी इंटर कॉलेज, जाजूमई के प्रधानाचार्य सुनील यादव ‘सिंटू’ ने किया।
इस अवसर पर अश्वनी कुमार राजौरिया ने कहा कि समाज में कई परिवार आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। ऐसे परिवारों तक सहायता पहुंचाना सामाजिक दायित्व के साथ मानवता की सेवा भी है। उन्होंने कहा कि कोमल फाउंडेशन का उद्देश्य जरूरतमंदों को सहायता देने के साथ उन्हें सम्मान और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, बाल विकास और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। भविष्य में भी वंचित एवं कमजोर वर्गों तक सहायता पहुंचाने के लिए संस्था प्रतिबद्ध रहेगी।
प्रधानाचार्य सुनील यादव ‘सिंटू’ ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता के ऐसे प्रयास समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए सक्षम लोगों से भी जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।
राशन किट प्राप्त करने वाली महिलाओं एवं परिवारों ने कोमल फाउंडेशन और कार्यक्रम से जुड़े लोगों का आभार जताया। कार्यक्रम में रामगोपाल बघेल, उदयवीर सिंह, राजेश कुमार, भूपत सिंह, रमेश चन्द्र, बबलू, मोनू आदि मौजूद रहे।