महिला की हत्या में वांछित 25 हजार का इनामी आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार पैर में गोली लगने से घायल
Gargachary Times
8 October 2026, 20:06
4 views
Firozabad
थाना नगला खंगर क्षेत्र के कोरारी खेड़ा गांव में महिला की कुल्हाड़ी मारकर हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी नेपाल सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर को कोरारी खेड़ा में सोनी पत्नी संदीप की उसके जेठ नेपाल सिंह ने खेत पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी। मामले में थाना नगला खंगर में मुकदमा अपराध संख्या 159/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत नेपाल सिंह पुत्र जगदीश निवासी कोरारी खेड़ा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था।पुलिस के मुताबिक 7 अक्टूबर को नगला खंगर पुलिस टीम भदान चौराहा के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए अन्य टीमों को सूचना दी। बिरई अंडरपास सर्विस रोड के पास दूसरी पुलिस टीम ने उसकी घेराबंदी की।
पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसकी पहचान हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी नेपाल सिंह के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल और 560 रुपये बरामद किए हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ पुलिस मुठभेड़ से संबंधित धाराओं में भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र कुमार, विशाल सोरान, अमित कुमार समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।