Loading...

यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 836 वाहनों के चालान

Gargachary Times 8 October 2026, 20:08 4 views
Firozabad
यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 836 वाहनों के चालान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने गुरुवार को जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर संचालित किए जा रहे 41 ऑटो और ई-रिक्शा के चालान किए गए, जबकि दो ऑटो-ई-रिक्शा को सीज किया गया। वहीं स्पीड मीटर के माध्यम से विभिन्न मार्गों पर वाहनों की गति की जांच की गई। निर्धारित गति सीमा से अधिक गति में वाहन चलाने वाले 153 वाहन चालकों के चालान किए गए। इसके अलावा यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों में 640 वाहनों के विरुद्ध वैधानिक चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को हेलमेट के महत्व के बारे में जानकारी दी। हेलमेट बैंक के माध्यम से भी लोगों को हेलमेट के प्रयोग के लिए जागरूक किया गया।अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की गई और नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की।यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाने, वाहनों को निर्धारित स्थान पर खड़ा करने और नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने की अपील की। पुलिस ने सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आमजन से सहयोग की अपील की।
Follow Samachar24