साइबर अपराध से बचाव को लेकर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
Gargachary Times
8 October 2026, 20:08
4 views
Firozabad
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी साइबर के पर्यवेक्षण में अक्टूबर माह में चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने आमजन एवं छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने लोगों को फेक ट्रेडिंग एवं इन्वेस्टमेंट ग्रुप, क्रिप्टोकरेंसी स्कैम, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, फर्जी पहचान बनाकर ठगी करने और पेमेंट स्कैम सहित विभिन्न साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। लोगों से अनजान व्यक्तियों की ओर से सोशल मीडिया पर भेजी जाने वाली फ्रेंड रिक्वेस्ट, मैसेज या संदिग्ध लिंक को बिना सत्यापन स्वीकार या क्लिक नहीं करने की अपील की गई।
पुलिस ने लोगों को लुभावने ऑफर, इनाम, नौकरी अथवा निवेश से संबंधित संदेशों पर बिना जांचे भरोसा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही OTP, बैंक खाता विवरण, एटीएम/क्रेडिट कार्ड की जानकारी और अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने के लिए जागरूक किया गया।पुलिस टीमों ने बताया कि साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112, महिला संबंधी अपराध या साइबर उत्पीड़न के लिए 1090, महिला हेल्पलाइन 181 और बाल हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस ने लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित माध्यम पर देने की अपील की।