Loading...

विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रेक्षक ने की समीक्षा पोलिंग पार्टियों, माइक्रो आब्जर्वर और वेब कास्टिंग व्यवस्था का लिया जायजा

Gargachary Times 8 October 2026, 20:09 2 views
Firozabad
विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रेक्षक ने की समीक्षा पोलिंग पार्टियों, माइक्रो आब्जर्वर और वेब कास्टिंग व्यवस्था का लिया जायजा
उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निर्वाचन प्रेक्षक डॉ. हीरालाल ने की। उन्होंने जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा, अपर जिलाधिकारी एवं उप निर्वाचन अधिकारी कल्पना जायसवाल तथा सभी उप जिलाधिकारियों के साथ चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। प्रेक्षक ने पोलिंग पार्टियों, माइक्रो आब्जर्वर और वेब कास्टिंग सहित मतदान से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दौरान छोटी-सी गलती भी बड़ा रूप ले सकती है, इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का सावधानी और पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। बैठक में बताया गया कि जनपद में स्नातक निर्वाचन के कुल 15,399 मतदाता हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन में 3,075 मतदाता हैं। स्नातक निर्वाचन में 10,066 पुरुष और 5,333 महिला मतदाता हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन में 2,113 पुरुष और 962 महिला मतदाता शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन के लिए जिले में 22 मतदान केंद्र, जबकि शिक्षक निर्वाचन के लिए 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। स्नातक निर्वाचन में 13 और शिक्षक निर्वाचन में 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान व्यवस्था की निगरानी के लिए 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट और पांच जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। प्रेक्षक डॉ. हीरालाल ने अधिकारियों से कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए पूरी निष्ठा और निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित सभी उप जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24