Loading...

दीनदयाल धाम में स्वस्थ गोवंश प्रतियोगिता, माधव की गाय ने जीता प्रथम पुरस्कार

Gargachary Times 9 October 2026, 20:41 6 views
Mathura
दीनदयाल धाम में स्वस्थ गोवंश प्रतियोगिता, माधव की गाय ने जीता प्रथम पुरस्कार
फरह। (मथुरा) पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव के तहत शुक्रवार को आयोजित स्वस्थ गोवंश प्रतियोगिता में दीनदयाल धाम निवासी माधव की गाय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में राजेंद्र की गाय दूसरे और गिर्राज गोशाला की गाय तीसरे स्थान पर रही। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह गौ-पूजन के साथ हुआ। उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय, दुवासु के कुलपति डॉ. अभिजीत मित्रा, गोशाला मंत्री हरिशंकर शर्मा, अखिल भारतीय गौ सेवा प्रमुख अजीत महापात्रा, चंद्रशेखर, भीकम चंद दुबे और डॉ. कैलाश ने मंत्रोच्चार के साथ गौ पूजन किया। इस अवसर पर गो सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने कहा कि वेदों में संरक्षित देसी गाय का दूध, घी और दही सबसे अधिक लाभकारी है और कई बीमारियों से बचाव में सहायक है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गो-संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है, लेकिन नस्ल सुधार के क्षेत्र में अभी और काम करने की जरूरत है। पालकों में जागरूकता बढ़ने से देसी गायों की संख्या में इजाफा हो रहा है। पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गौ अनुसंधान संस्थान (दुवासु) के कुलपति डॉ. अभिजीत मित्रा ने कहा कि विश्वविद्यालय ने पालकों से गोबर लेकर बदले में हरा चारा देने की योजना बनाई है। इससे गोबर से उत्पाद बनाकर खर्च की पूर्ति की जाएगी। उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर को विश्वविद्यालय के 25 वर्ष पूरे होने पर परिसर में एक विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विज्ञान, तकनीक और कृषि से जुड़े नवाचार प्रदर्शित किए जाएंगे। अखिल भारतीय गौ सेवा प्रमुख अजीत महापात्रा ने कहा कि आज विदेशों में भी देसी गाय पाली जा रही है। गाय को पशु कहना उचित नहीं है, उसे गौ माता के रूप में सम्मान देना चाहिए। कार्यक्रम में दुवासु के सहायक आचार्य डॉ. रामसेवक यादव ने गौ पालकों को संतुलित पोषण आहार बनाने की जानकारी दी, वहीं सहायक आचार्य डॉ. श्वेता सचान ने क्रॉस ब्रीडिंग से बचने की सलाह दी। प्रतियोगिता में करीब दो दर्जन गौ पालक अपनी गायों के साथ शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए और गायों के लिए गुड़ व दाना वितरित किया गया। राजेंद्र पाठक, चंद्रकांत और गौरी शंकर पाठक ने अपनी गायों के स्वस्थ रहने के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में जगमोहन पाठक, शिवकुमार, शशीकांत, भोला चौधरी, गोविंदा, देवेंद्र प्रताप, राम पाठक, वीरेंद्र, रवि, सुनील पाठक, विजय पाठक, राजवीर सिंह, सतीश पचौरी, रामनरेश उपाध्याय, दिनेश तरकर और प्रीतम सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महीपाल सिंह ने किया।
Follow Samachar24