Loading...

जनगणना-2027: तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण संपन्न, बीएस इंजीनियर कॉलेज में हुआ समापन

Gargachary Times 9 October 2026, 20:44 6 views
Mathura
जनगणना-2027: तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण संपन्न, बीएस इंजीनियर कॉलेज में हुआ समापन
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण जनसंख्या गणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज, मथुरा में आयोजित तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हो गया। 7 से 9 अक्टूबर तक चले प्रशिक्षण में जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और फील्ड में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना प्रश्नावली के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। इसमें परिवारवार विवरण दर्ज करने, परिवार के सदस्यों की जानकारी, बेघर परिवारों की गणना, सामान्य एवं संस्थागत परिवारों का विवरण, जन्मतिथि और आयु, वैवाहिक स्थिति, साक्षरता, शैक्षिक स्तर, आर्थिक गतिविधियों, व्यवसाय और रोजगार से संबंधित जानकारियां शामिल रहीं। इसके साथ ही सामान्य निवास एवं वर्तमान निवास से जुड़े प्रश्नों को समझाया गया। प्रतिभागियों को जनगणना ऐप के संचालन, डेटा एंट्री में शुद्धता, प्रविष्टियों की जांच, त्रुटियों के निराकरण तथा डेटा सेव और सबमिट करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही छूटे हुए परिवारों और व्यक्तियों की पहचान कर क्षेत्र में शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने तथा प्रभावी मास्टर प्लान तैयार करने पर जोर दिया गया। प्रशिक्षण को व्यावहारिक बनाने के लिए फील्ड में जाकर जनसंख्या गणना ऐप का परीक्षण भी कराया गया। इससे प्रतिभागियों को वास्तविक परिस्थितियों में ऐप के उपयोग और परिवारवार विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला। समापन सत्र में डिप्टी कलेक्टर अश्विनी कुमार ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसे पूरी गंभीरता, शुद्धता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण की बारीकियों का गहन अध्ययन कर आगे सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित करने पर जोर दिया, ताकि फील्ड स्तर पर जनगणना का कार्य व्यवस्थित और त्रुटिरहित तरीके से पूरा हो सके। इस अवसर पर जिला प्रभारी जनगणना मृगेन्द्र बहादुर सिंह, सह-प्रभारी अभिषेक पाण्डेय तथा जिला मास्टर ट्रेनर बलवीर सिंह, सुधीर सोलंकी, गिरीश कौशिक और प्रकाश चंद सहित अन्य संबंधित प्रतिभागी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24