भाजपा राज में अयोध्या वासियों के साथ बहुत अन्याय हुआ है: अखिलेश यादव
Gargachary Times
9 October 2026, 20:45
55 views
Lucknow
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बलिया के गोसाईंपुर पहुंचकर पूर्व नेता विरोधी दल स्व0 रामगोविन्द चौधरी के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल हुए।
अखिलेश यादव ने स्व0 रामगोविन्द चौधरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि रामगोविन्द चौधरी जमीन से जुड़े नेता थे। उनकी बातों में जनता का दुःख दर्द होता था। उन्होंने किसानों, नौजवानो, गरीबों, मजदूरों की लड़ाई लड़ी, उनको सम्मान दिलाने के लिए पूरा जीवन लगा दिया। रामगोविन्द चौधरी जी को पक्ष एवं विपक्ष सभी गंभीरता से सुनते थे। उनकी बाते विवेक भरी होती थी। उनके तीखे तर्को का कोई विपक्षी जवाब नहीं दे पाता था। वह एक विचार देकर गये हैं। हम सबकी जिम्मेदारी और संकल्प है कि उनके विचार और संघर्ष को आगे बढ़ाये। वह बलिया के बल थे। राजनीति में वे कभी झुके नहीं। लोगों को अपने विचारों से जोड़ने का काम किया। उसी का परिणाम है कि बलिया की धरती से निकल कर उन्होंने प्रदेश और देश की राजनीति में अपनी पहचान बनायी। अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि रामगोविन्द चौधरी का संघर्ष खाली नहीं जाएगा।
इस अवसर पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा और चंदा की चोरी हुई। मुख्यमंत्री जी ने कहा था कि 15 दिन में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। क्या दूध-का दूध और पानी का पानी हो गया? अगर मुख्यमंत्री जी इतने आश्वस्त है तो मेरा सुझाव है कि अयोध्या से चुनाव लड़े।
एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि सनातन सत्य और सेवा का रास्ता है। सनातन समाजवादी और भाईचारे का रास्ता है। सनातन वसुधैव कुटुम्बकम का रास्ता दिखाता है। लेकिन जो लोग भेदभाव और नफरत करते है वे सनातनी नहीं हो सकते है। जो खुद को सेल्फ अटेस्टेड सनातनी कहते हैं उनकी देख-रेख में भगवान श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा और चंदे की चोरी हो गयी। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ जो दान किया था उसकी लूट हो गयी। इस चोरी और लूट में भाजपा के लोग शामिल है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने अयोध्यावासियों के साथ बहुत भेदभाव किया है। उनके दुकान-मकान और जमीनें छीन ली गयी। जमीनों का बाजार भाव नहीं मिला। अयोध्या में डबल और ट्रिपल सभी सरकार भाजपा की है। लेकिन अयोध्यावासियों के साथ न्याय नहीं हुआ। भाजपा ने उन्हें धोखा दिया। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में परिवर्तन होने जा रहा है। इंडिया गठबंधन बहुत मजबूत है। जिस इंडिया गठबंधन ने 2024 में भाजपा को हराया है वही गठबंधन 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हरायेगा। 2027 में समाजवादी पार्टी गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में अब तक की सबसे ज्यादा सीटें जीतने जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा कानून और संविधान को नहीं मानती है। सबसे ज्यादा गैर कानूनी काम कर रही है। लोगों के साथ भेदभाव और अन्याय हो रहा है। भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी, मिलावटखोरी चरम पर है। जनता त्रस्त है। किसानों को समय पर खाद-बीज नहीं मिल रहा है। जो सरकार खुद मिलावटखोरी को बढ़ावा दे रही है। पेट्रोल में इथेनाल की मिलावट कर मुनाफाखोरी कर रही है। उससे क्या उम्मीद कर सकते हैं। भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। भाजपा ने बाजार विदेशी सामानों के लिए खोल दिया है। अमेरिका और चीन हमारे बाजार छीन रहे है। ऐसे में मेकिंग इंडिया, डिजिटल इंडिया का क्या होगा। भाजपा सरकार को शिक्षा विरोधी बताते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में 26 हजार से ज्यादा प्राइमरी स्कूल बंद हो गये। बलिया में भी 300 से ज्यादा स्कूल बंद हो गये। एम्बुलेंस सेवाएं बर्बाद हैं। भाजपा सरकार ने पुलिस को भी खराब कर दिया। बलिया के नरही थाने पर पुलिस के भ्रष्टाचार को लेकर पुलिस ने ही छापे मारे थे।
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग के भेदभावपूर्ण रवैया और चुनाव में धांधली के खिलाफ लोकतंत्र को बचाने के लिए जो लोग सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं, समाजवादी पार्टी उनका पूरी तरह से समर्थन कर रही है। हम उनके साथ है। समाजवादी पार्टी ने 2022 में ही कहा था कि चुनाव आयोग भेदभाव कर रहा है। वोट कटवा रहा है। समाजवादी पार्टी ने एफिडेविट देकर वोट करने की शिकायत की थी लेकिन दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अभी हुए एसआईआर में भाजपा ने फर्जी फार्म 7 के जरिए समाजवादी पार्टी के वोट को कटवाने की साजिश की। हम लोगों ने सबूत के साथ शिकायत की। लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी की सरकार में बनी सरकारी बिल्डिंगों और संस्थानों को लगातार बेच रही है। अपने चहेतों को दे रही है। इस सरकार में जयप्रकाश नारायण जी के नाम पर लखनऊ में बनाये गये भव्य जेपीएनआईसी को बेच दिया। भाजपा सरकार में हर स्तर पर भ्रष्टाचार, लूट और कमीशनखोरी चल रही है।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद जासमीर अंसारी समेत बड़ी संख्या में नेताओं, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय जनता ने स्व0 रामगोविन्द चौधरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
बलिया के बाद अखिलेश यादव ने देवरिया जिले के थाना लार के ग्राम रक्सा पहुंचकर पूर्व विधायक एवं देवरिया के पूर्व जिलाध्यक्ष स्व0 सुरेश यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मिलकर शोक संवेदना प्रकट की।