Loading...

मिशन शक्ति अभियान में 25 शोहदों के खिलाफ कार्रवाई, छह परिवारों में कराया समझौता

Gargachary Times 9 October 2026, 20:49 41 views
Firozabad
मिशन शक्ति अभियान में 25 शोहदों के खिलाफ कार्रवाई, छह परिवारों में कराया समझौता
*फिरोजाबाद।* जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-05 अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस ने 25 शोहदों के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं, थानों पर गठित मिशन शक्ति टीमों ने काउंसलिंग के माध्यम से छह परिवारों के बीच समझौता भी कराया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों और एंटी रोमियो टीमों ने प्रमुख चौराहों, स्कूल-कॉलेजों, बाजारों, मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई और शोहदों को चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति न करने की हिदायत दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर महिला हेल्पलाइन *1090, महिला हेल्पलाइन **181, आपातकालीन सेवा **112* और साइबर हेल्पलाइन *1930* की मदद ली जा सकती है।अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों ने सादे कपड़ों में प्रमुख स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी भी की, ताकि छेड़छाड़ और अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। थानावार कार्रवाई में दक्षिण थाना क्षेत्र में चार, खैरगढ़ में तीन, अरांव, जसराना, नारखी, रसूलपुर, शिकोहाबाद और सिरसागंज में दो-दो तथा एका, टूंडला, पचोखरा, नगला सिंघी, मक्खनपुर और रजावली में एक-एक शोहदे के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अभियान लगातार जारी रहेगा।
Follow Samachar24