फिरोजाबाद में कांग्रेस का ‘लोकतंत्र बचाओ’ पैदल मार्च, चुनाव आयुक्त के खिलाफ की नारेबाजी
Gargachary Times
9 October 2026, 20:51
6 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जवाबदेही मांगने के दौरान कांग्रेस नेताओं और सांसदों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को फिरोजाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘लोकतंत्र बचाओ’ पैदल मार्च निकाला। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं ब्रज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी के नेतृत्व में निकाला गया मार्च जिला कांग्रेस कार्यालय मिलनस्थली, मोढ़ा से शुरू होकर जिला मुख्यालय तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयुक्त और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
मार्च में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘ज्ञानेश कुमार को जेल भेजो’, ‘ज्ञानेश कुमार को जाना होगा’ और ‘कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयुक्त से जवाबदेही मांगने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य नेताओं और सांसदों के साथ लाठीचार्ज किया गया।
संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का लिया संकल्प
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं ब्रज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं के कारण मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सड़क से संसद तक संघर्ष कर रही है। पार्टी संविधान की रक्षा और लोकतंत्र की बहाली के लिए अपना आंदोलन जारी रखेगी।
जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव और महानगर अध्यक्ष शफात खान राजू ने महंगाई, बेरोजगारी और औद्योगिक संकट के मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद में कई कारखाने बंद होने से मजदूरों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो रहा है। किसानों को खाद और युवाओं को नौकरी मिलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि इन समस्याओं के चलते जनता में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल
पैदल मार्च में वरिष्ठ नेता हाजी सईद पटेल, प्रदेश सचिव प्रकाशनिधि गर्ग, पर्यवेक्षक प्रशांत तिवारी, पीसीसी सदस्य नसीर अहमद, जिला उपाध्यक्ष राजवीर सिंह यादव, जितेंद्र तिवारी, जितेंद्र यादव, अजीत यादव, जाहिर खाकसार, जगदीश वाल्मीकि, शैलेंद्र शुक्ला, शांति दास संखवार, योगेश कुमार उर्फ बिट्टू यादव, उमर फारूक, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय यादव और सेवादल जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।