Loading...

फिरोजाबाद: नवरात्रि और दशहरा को लेकर रसूलपुर थाने में पीस कमेटी की बैठक, शांति बनाए रखने की अपील

Gargachary Times 10 October 2026, 20:36 39 views
Firozabad
फिरोजाबाद: नवरात्रि और दशहरा को लेकर रसूलपुर थाने में पीस कमेटी की बैठक, शांति बनाए रखने की अपील
*फिरोजाबाद।* आगामी नवरात्रि, दशहरा एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को थाना रसूलपुर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में आयोजित बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ संवाद किया।बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी से आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए आमजन पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित नहीं करने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा।बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क रहेगी। सभी लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखने और किसी भी ऐसी गतिविधि से बचने की अपील की गई, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो सकता है। फिरोजाबाद पुलिस ने कहा कि आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन प्रतिबद्ध है।
Follow Samachar24