गिरिराज जी के दुग्धाभिषेक के साथ पत्रकारों ने लिया एकजुटता का संकल्प, गोवर्धन में बनेगा प्रेस क्लब
Gargachary Times
11 October 2026, 20:44
58 views
Mathura
गोवर्धन। धार्मिक नगरी गोवर्धन में रविवार को जनपद के वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रमुख समाजसेवी ठाकुर प्रकाश सिंह ने अपने पत्रकार साथियों के साथ दानघाटी मंदिर में गिरिराज जी का दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गिरिराज महाराज से सभी के सुख-समृद्धि और क्षेत्र में सुख-शांति की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत कस्बे के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में गोवर्धन के पत्रकारों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें पत्रकारों की एकजुटता और गोवर्धन में प्रेस क्लब के निर्माण को लेकर चर्चा हुई। बैठक में चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष लंबरदार भी मौजूद रहे।
बैठक में पत्रकारों ने आपसी सहयोग और एकता को मजबूत बनाने पर जोर दिया। साथ ही गोवर्धन में पत्रकारों के लिए एक स्थायी प्रेस क्लब स्थापित करने की पहल पर विचार-विमर्श किया गया। प्रेस क्लब बनने से पत्रकारों को आपसी संवाद, बैठक और पत्रकारिता से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक उचित स्थान उपलब्ध हो सकेगा। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी ठाकुर प्रकाश सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनकी एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। गोवर्धन के पत्रकारों के लिए प्रेस क्लब का निर्माण सामूहिक प्रयास से किया जाएगा। इसके लिए किसी एक व्यक्ति पर निर्भर रहने के बजाय सभी पत्रकार मिलकर सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा, “हम खुद एक-एक रुपया एकत्रित करेंगे और अपना आशियाना खुद बनाएंगे। जब सभी साथी मिलकर कदम बढ़ाएंगे, तो गोवर्धन में प्रेस क्लब बनाने का सपना जरूर साकार होगा।”उन्होंने पत्रकार साथियों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने और इस पहल को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने भी प्रेस क्लब निर्माण के प्रस्ताव का स्वागत करते हुए सामूहिक प्रयास से इसे साकार करने की बात कही। धार्मिक नगरी गोवर्धन में पत्रकारों की इस पहल को एकता, सहयोग और संगठन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस मौके पर , सौरभ शर्मा,खन्ना सैनी, डी डी शर्मा (दीनू )मनोज शर्मा मुकेश कौशिक ऋषभ कौशिक नरेश शर्मा रेखा शर्मा राजू कश्यप, धर्मेन्द्र सिंह, सुरेश गौड़, रवि कुमार वर्मा, राजेश लवानिया सहित तमाम पत्रकार बैठक में मौजूद रहे।