नवरात्र के पहले दिन डीएम-एसएसपी ने किया पैदल गश्त, मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था परखी
Gargachary Times
11 October 2026, 20:48
42 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* पवित्र नवरात्र के पहले दिन जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने शहर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने जैन मंदिर से सेंटर चौराहा, गंज मोहल्ला और रामलीला मेला होते हुए करौली मंदिर तक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि नवरात्र पर्व को देखते हुए पिछले दो दिनों से जनपद के विभिन्न मंदिरों का निरीक्षण किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मंदिरों में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रहे।उन्होंने बताया कि शहर में महाराजा अग्रसेन की शोभायात्रा भी निकाली जा रही है। इसके मद्देनजर शोभायात्रा के मार्ग का निरीक्षण किया गया। साथ ही रामलीला मंचन की तैयारियों का भी जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि सभी लोग त्योहारों की गरिमा बनाए रखें और आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाएं।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालु आसानी से माता रानी के दर्शन कर सकें। पुलिस प्रशासन द्वारा भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे भी मौजूद रहे।