फिरोजाबाद में यातायात पुलिस का अभियान, 58 ऑटो-ई-रिक्शा के चालान
Gargachary Times
11 October 2026, 20:49
39 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने रविवार को विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान मानक से अधिक सवारी बैठाने वाले 58 ऑटो और ई-रिक्शा के चालान किए गए। वहीं, ओवरस्पीड में 167 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान जैन मंदिर, एटा चौराहा शिकोहाबाद और टूंडला चौराहा पर सड़क के दोनों ओर लगभग 50 मीटर के दायरे में ऑटो, ई-रिक्शा और ठेलों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। यातायात पुलिस ने इन स्थानों पर ऑटो, ई-रिक्शा और ठेलों के लिए निर्धारित स्थान चिह्नित कर उन्हें वहीं खड़ा करने और संचालित करने के निर्देश दिए, जिससे जाम की समस्या से निजात मिल सके।
यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान चार वाहनों से काली फिल्म उतरवाई। इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम के तहत ओवरस्पीड में 167 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 732 वाहनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।पुलिस ने वाहन चालकों और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और यातायात संकेतों का पालन करने की हिदायत दी गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाएं, वाहनों को तय स्थान पर खड़ा करें और नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके ही सड़क दुर्घटनाओं और जाम की समस्या को कम किया जा सकता है।