Loading...

एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देश पर विशेष अभियान जारी, शिकायतकर्ताओं को थाने और पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत

Gargachary Times 11 October 2026, 20:49 42 views
Firozabad
एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देश पर विशेष अभियान जारी, शिकायतकर्ताओं को थाने और पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत
*फिरोजाबाद।* जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण के लिए फिरोजाबाद पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रविवार, 11 अक्टूबर को अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने मौके पर पहुंचकर कुल 28 शिकायतों का निस्तारण किया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को अभियान का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। अभियान के तहत सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के पास मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान पर और प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण करना है। पुलिस द्वारा शिकायत से संबंधित स्थल का निरीक्षण करने के साथ दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है। शिकायत के समाधान के बाद संबंधित पक्षों से फीडबैक लेकर उनकी संतुष्टि भी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत दिलाना और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थलीय निरीक्षण और निष्पक्ष कार्रवाई से शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी तथा पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी।
Follow Samachar24