संभव जनसुनवाई में 16 शिकायतें प्राप्त, दो का मौके पर निस्तारण
Gargachary Times
13 October 2026, 20:33
40 views
Mathura
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन में मंगलवार को आयोजित ‘संभव’ संतुष्टि एवं समृद्धि जनसुनवाई में नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ जनशिकायतें सुनीं। इस दौरान प्राप्त शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय में सुबह 10 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, वृंदावन जोन में सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक तथा सिटी जोन के जनरल गंज कार्यालय में अवर अभियंता अजय कुमार ने जनसुनवाई की।
भूतेश्वर जोन में कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें चार अतिक्रमण, चार जलकल विभाग, दो लाइट और दो सफाई से संबंधित थीं। इनमें से एक लाइट और एक सफाई संबंधी शिकायत सहित कुल दो शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। वहीं, वृंदावन जोन में चार शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें एक निर्माण, एक अतिक्रमण, एक नजूल और एक जलकल विभाग से संबंधित थी।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जनसुनवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त सुनीता सिंह, अपर नगर आयुक्त प्रियंका सिंह, महाप्रबंधक जलकल मोहम्मद अनवर ख्वाजा, मुख्य अभियंता निर्माण संजय सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामगोपाल, पशु कल्याण अधिकारी संतोष पाल, कर निर्धारण अधिकारी अरविंद, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल आरके सिंह तथा अवर अभियंता विद्युत एवं यांत्रिकी शैलेश सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे रहे।