Loading...

भाजपा सरकार की गलत नीतियों और मुनाफाखोरी की वजह से महंगाई ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए: अखिलेश यादव

Gargachary Times 13 October 2026, 20:35 2 views
Lucknow
भाजपा सरकार की गलत नीतियों और मुनाफाखोरी की वजह से महंगाई ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए: अखिलेश यादव
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों और मुनाफाखोरी के कारण महंगाई ने सारे रिकार्ड तोड़ दिये हैं। महंगाई चरम पर पहुंच गई है। खाद्य पदार्थों की कीमते लगातार बढ़ती जा रही है। भाजपा सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह से विफल है। महंगाई की मार से जनता कराह रही है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस की कीमत पहले से ही आसमान पर हैं। इधर त्योहार के सीजन में खाने-पीने की सब चीजों तेल, दाले, सब्जी, दूध, घी, चीनी के साथ कपड़े, जूते और घरेलू सामान सभी की कीमतों में भारी उछाल है। मंहगाई का कारण मुनाफाखोरी और कालाबाजारी है। आम जनता और गरीबों के सामने जीवनयापन का संकट पैदा हो गया है। अखिलेष यादव ने कहा कि सरकार के विभिन्न विभाग के आंकड़े बता रहे हैं कि महंगाई के सारे रिकार्ड टूट गये हैं। लेकिन भाजपा को कोई फर्क नहीं है। महंगाई बढ़ाकर हो रही लूट में भाजपा को चंदे के रूप में हिस्सा मिलता है। जब-जब त्योहार आता है तब-तब जनता से यह लूट और बढ़ जाती है। महंगाई ने त्योहारों को फीका कर दिया है। भाजपा सरकार फेल हो चुकी है। आम जनता बेबस है। भाजपा के समर्थक पूंजीपति और बड़े व्यापारी जनता को लूट रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जब तक रहेगी महंगाई बढ़ती रहेगी। जनता की लूट होती रहेगी। महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त जनता ने भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का का फैसला कर लिया है। 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है तब समाजवादी सरकार महंगाई पर रोक लगायेगी। जनता को हर तरह से राहत दी जाएगी। समाजवादी सरकार में डॉ. राममनोहर लोहिया के सिद्धांतों पर चलते हुए दाम बांधो नीति लागू कर महंगाई को काबू में किया जाएगा।
Follow Samachar24