डीएम संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लांग्हे ने स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
Gargachary Times
13 October 2026, 20:39
2 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा, सुरक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने पर राज्य युवा पुरस्कार विजेता एवं कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया को सम्मानित किया गया। पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों की शिक्षिकाओं और छात्राओं को भी उनकी उपलब्धियों एवं योगदान के लिए सम्मानित किया गया।मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित बैठक एवं सम्मान समारोह में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, सशक्तिकरण तथा जागरूकता के विषयों पर जोर दिया गया। अश्वनी कुमार राजौरिया पिछले कई वर्षों से महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा और महिला-बालिका सुरक्षा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग की महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक गतिविधियां संचालित कर रहे हैं।
अश्वनी राजौरिया ने एडीजी जोन आगरा के निर्देशन में चलाए गए ऑपरेशन जागृति अभियान में भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग किया। इसके अलावा मिशन शक्ति के विभिन्न चरणों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया।
सम्मान मिलने पर अश्वनी कुमार राजौरिया ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं सम्मान केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर रविशंकर प्रसाद, क्षेत्राधिकारी चंचल त्यागी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, विद्यालयों की शिक्षिकाएं, छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।