शिकोहाबाद में देशी शराब और कंपोजिट दुकानों का निरीक्षण, निर्धारित मूल्य पर बिक्री के निर्देश
Gargachary Times
13 October 2026, 20:40
4 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* आबकारी विभाग की टीम ने मंगलवार, 13 अक्टूबर को शिकोहाबाद क्षेत्र में देशी मदिरा और कंपोजिट शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को निर्धारित मूल्य पर मदिरा की बिक्री करने, सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और दुकानों पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी फिरोजाबाद के आदेशों के अनुपालन में उप आबकारी आयुक्त, आगरा प्रभार तथा जिला आबकारी अधिकारी फिरोजाबाद के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 शिकोहाबाद ने अपनी टीम के साथ दुकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि दुकानों पर मांग के अनुरूप विभिन्न ब्रांडों की उपलब्धता बनाए रखें। देशी शराब की दुकानों पर यूपीएमएल के 100 और 200 मिलीलीटर वाले पैक का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, बिक्री पीओएस मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत करने और सभी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा दुकानों पर ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध रखने, निर्धारित मूल्य पर ही मदिरा बेचने तथा दुकान परिसर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने को कहा गया। अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिए कि दुकानों के बाहर मदिरा का सेवन न होने दिया जाए और सीसीटीवी कैमरे लगातार संचालित रखे जाएं।