Loading...

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की मौजूदगी में दूसरे दिन कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण, मतपेटी खोलने, बंद करने और सील करने की दी जानकारी

Gargachary Times 13 October 2026, 20:41 44 views
Firozabad
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की मौजूदगी में दूसरे दिन कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण, मतपेटी खोलने, बंद करने और सील करने की दी जानकारी
*फिरोजाबाद।* विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को दूसरे दिन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा की उपस्थिति में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया की बारीकियों, नियमों और सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कल्पना जायसवाल तथा मास्टर ट्रेनर अशोक कुमार अनुरागी, डॉ. हिमांशु शर्मा और योगेंद्र कुमार ने निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं को समझाया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि सभी निर्वाचन कार्मिक निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करें और निर्धारित नियमों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने कहा कि निर्वाचन कार्य में प्रत्येक कार्मिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी कार्मिक पूरी जिम्मेदारी, सजगता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। वहीं, उप जिला निर्वाचन अधिकारी कल्पना जायसवाल ने प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को गंभीरता से समझने और मतदान के दौरान निर्धारित नियमों एवं सावधानियों का पालन करने के निर्देश दिए। मास्टर ट्रेनर अशोक कुमार अनुरागी ने मतदान से पहले की तैयारियों, आवश्यक व्यवस्थाओं और मतदान के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी दी। योगेंद्र कुमार ने मतदान की गोपनीयता और निर्वाचन प्रक्रिया में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। मास्टर ट्रेनर डॉ. हिमांशु शर्मा ने मतपेटी को खोलने, बंद करने और सील करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने निर्वाचन के विभिन्न चरणों में निर्धारित नियमों का पालन करते हुए मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने की जानकारी दी। प्रशिक्षण के अंत में अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स ने सभी कार्मिकों से प्रशिक्षण में दी गई जानकारी का पालन करने तथा निर्वाचन कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने का आह्वान किया।
Follow Samachar24