जिलाधिकारी ने 6200 छात्र-छात्राओं को दिए सफलता के मंत्र, परीक्षा की तैयारी के बताए टिप्स
Gargachary Times
13 October 2026, 20:42
42 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* जिला प्रशासन की ओर से संचालित ‘सफलता का मार्ग-अधिकारियों के संग’ श्रृंखला के तहत मंगलवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने छात्र-छात्राओं को कैरियर मार्गदर्शन दिया। महावीर दिगंबर जैन इंटर कॉलेज सिरसागंज में आयोजित कार्यक्रम में करीब 1200 विद्यार्थी प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए, जबकि ऑनलाइन माध्यम से लगभग 5000 छात्र-छात्राएं जुड़े। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन और एकाग्रता बढ़ाने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी अध्ययन क्षमता के अनुसार समय सारणी बनाकर पढ़ाई करनी चाहिए। लगातार बिना रुके पढ़ने के बजाय बीच-बीच में पांच से दस मिनट का विश्राम लेना चाहिए। इस दौरान हल्की स्ट्रेचिंग करने, पानी पीने या पसंदीदा गतिविधि में समय बिताने से मन तरोताजा रहता है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई को मानसिक दबाव बनाने के बजाय नियमित और योजनाबद्ध तरीके से करना चाहिए।
उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए तीन से चार महीने की योजना बनाने की सलाह दी। जिलाधिकारी ने कहा कि कठिन विषयों और टॉपिक्स का अध्ययन सुबह या उस समय करना चाहिए, जब ऊर्जा का स्तर अधिक हो। दोस्तों के साथ समूह बनाकर विषयों को आपस में बांटकर पढ़ने से समझने और याद रखने में मदद मिलती है। पढ़ाई के दौरान मोबाइल फोन को साइलेंट मोड पर या खुद से दूर रखने की सलाह भी दी, ताकि एकाग्रता प्रभावित न हो।
*स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी*
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को स्वस्थ आहार लेने, पर्याप्त नींद लेने और आउटडोर खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट स्तर तक विद्यार्थियों के लिए विभिन्न योजनाएं और छात्रवृत्तियां संचालित की जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को डिजिटल लाइब्रेरी और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निःशुल्क कोचिंग जैसी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया।इस दौरान जिलाधिकारी ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के अंत में खुली संवाद कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाओं और समस्याओं से जुड़े सवाल पूछे, जिनका जिलाधिकारी ने समाधान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सही दिशा में आगे बढ़ने, आत्मविश्वास के साथ परीक्षाओं की तैयारी करने और भविष्य के लिए बेहतर कैरियर चुनने के लिए प्रेरित करना रहा।