एडीजी-डीआईजी ने फिरोजाबाद में किया पैदल गश्त, व्यापारियों और आमजन से किया संवाद
Gargachary Times
13 October 2026, 21:26
36 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* शारदीय नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों के मद्देनजर मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन, आगरा और पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा रेंज, आगरा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के साथ नगर क्षेत्र में पैदल गश्त की। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आमजन और स्थानीय व्यापारियों से संवाद किया तथा उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने जैन मंदिर चौराहे से नालबंद चौराहे तक भ्रमण किया। इस दौरान प्रमुख बाजारों, चौराहों और आवागमन वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रियता का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों एवं आमजन से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी भी ली।
अधिकारियों ने लोगों से आगामी त्योहारों को आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। जनपद पुलिस आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार प्रभावी पुलिस व्यवस्था बनाए हुए है।