रोजगार सृजन और ग्रामीण विकास में फिरोजाबाद को प्रदेश में तीसरा स्थान, डीएम ने दिए पारदर्शिता के निर्देश
Gargachary Times
13 October 2026, 21:27
37 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में मनरेगा एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, ब्लॉकवार प्रदर्शन और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने की योजनाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि विशेष रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत ऑनलाइन हाजिरी पोर्टल पर प्रदर्शन के आधार पर फिरोजाबाद जनपद ने उत्तर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 87 प्रतिशत कार्य पूरा होने की जानकारी दी गई। अरांव ब्लॉक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एका ब्लॉक की शिवगोविन्द सिंह की टीम ने निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 125 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की।
मनरेगा के तहत 28 विद्यालयों को अप्रोच रोड से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही गौशालाओं से संबंधित लंबित कार्यों को भी पूरा करने पर जोर दिया गया।
*गांवों में विकसित होंगे मिनी बाजार और खेल मैदान*
ग्रामीण क्षेत्रों में उपयुक्त स्थानों पर मिनी बाजार, खेल मैदान, पार्क और नर्सरी विकसित करने की योजना पर चर्चा हुई। इन गतिविधियों से स्वयं सहायता समूहों को जोड़कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की तैयारी है। बैठक में कम लागत पर पौधे तैयार कर स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उनकी बिक्री कराने तथा ग्रामीण रास्तों और कच्ची सीढ़ियों के आसपास पौधरोपण कराने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा जैविक खाद, केंचुआ खाद और बांस मिशन के माध्यम से ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने पर चर्चा हुई। पशुपालकों से गोबर एकत्र कर उसे उपयोगी संसाधन के रूप में विकसित करने और इससे आर्थिक लाभ के अवसर तलाशने पर भी विचार किया गया।
गांवों में औचक निरीक्षण के निर्देश*
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित निरीक्षण स्थलों तक सीमित न रहें, बल्कि सप्ताह में कम से कम एक से दो बार गांवों में जाकर औचक निरीक्षण करें। उन्होंने सार्वजनिक पोर्टल पर अपलोड किए जाने वाले आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या फर्जीवाड़े को रोकने के लिए पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने लक्ष्य के सापेक्ष बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।