शिकोहाबाद रामलीला मैदान का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
Gargachary Times
14 October 2026, 19:31
35 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के साथ शिकोहाबाद स्थित रामलीला मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रामलीला मंचन की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और साफ-सफाई का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को आयोजन के दौरान सुरक्षा और दर्शकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने अग्निशमन अधिकारी को रामलीला मैदान पहुंचकर सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जा सकें। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन कराया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।डीएम ने रामलीला देखने आने वाले दर्शकों की सुविधा पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मैदान में साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की गौरवगाथा का भक्तिभाव के साथ आनंद ले सकें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मंचन स्थल की व्यवस्थाओं को भी देखा। अधिकारियों ने रामलीला के सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।