शिकोहाबाद बस स्टेशन पर अव्यवस्थाएं देख डीएम नाराज, एआरएम को दी कार्रवाई की चेतावनी: डीएम
Gargachary Times
14 October 2026, 19:32
42 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के साथ शिकोहाबाद स्थित बस स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। महिला विश्रामगृह में अव्यवस्थाएं मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए एआरएम को तत्काल सुधार कराने की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बस स्टेशन पर पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बस चालकों और परिचालकों को यात्रियों के साथ उचित व्यवहार करने तथा अनुशासन बनाए रखने के लिए नियमित रूप से काउंसलिंग की जाए।
डीएम ने बसों की समय से फिटनेस सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालन कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बसों के कारण यातायात व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए। सभी बसें बस स्टेशन पर ही आएंगी और वहीं से यात्रियों को लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगी। शहर में या सड़क किनारे अनधिकृत रूप से बसें रोककर सवारियां बैठाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के निर्देश दिए, ताकि जाम की समस्या उत्पन्न न हो।इसके बाद जिलाधिकारी ने बस स्टेशन परिसर में बने महिला विश्रामगृह का निरीक्षण किया। वहां अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और एआरएम को तत्काल व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य शिकोहाबाद बस स्टेशन को यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाना और शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी शिकोहाबाद सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।