विधान परिषद चुनाव की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
Gargachary Times
14 October 2026, 19:32
48 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के साथ शिकोहाबाद तहसील परिसर में बनाए गए मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। शिकोहाबाद तहसील क्षेत्र में कुल सात मतदान बूथ बनाए गए हैं। इनमें चार बूथ तहसील परिसर, दो ब्लॉक शिकोहाबाद और एक नगर पालिका परिसर में स्थित है।
जिलाधिकारी ने मतदाताओं और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्तों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि मतदान के दौरान आवागमन सुचारु बना रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, साफ-सफाई और दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। मौके पर मौजूद उपजिलाधिकारी को सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।