शिकोहाबाद मंडी में गंदगी देख डीएम नाराज, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश धान, ज्वार और बाजरा क्रय केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
Gargachary Times
14 October 2026, 19:33
39 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को शिकोहाबाद स्थित नवीन गल्ला मंडी का औचक निरीक्षण कर धान, ज्वार और बाजरा क्रय केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में साफ-सफाई की स्थिति ठीक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और उप जिलाधिकारी को अपनी देखरेख में सफाई व्यवस्था सहित किसानों की सुविधाओं से जुड़े सभी प्रबंध दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्रय केंद्रों की स्थिति और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्हें अवगत कराया गया कि जनपद में धान, ज्वार और बाजरा के क्रय केंद्र सक्रिय हैं तथा पंजीकृत व्यापारियों के लिए संबंधित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिले और उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से कम दर पर फसल बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े। इसके लिए क्रय केंद्रों पर पारदर्शी तौल और किसानों की सुविधा सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी परिसर में साफ-सफाई के साथ किसानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी दुरुस्त रखी जाएं। क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसानों की सुविधा, उपज की पारदर्शी तौल और उचित मूल्य दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। क्रय केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।