उपभोक्ता जागरूकता के क्षेत्र में अश्वनी राजौरिया सम्मानित
Gargachary Times
14 October 2026, 20:12
44 views
Firozabad
फिरोजाबाद। उपभोक्ता जागरूकता एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए कोमल फाउंडेशन, फिरोजाबाद के अध्यक्ष एवं राज्य युवा पुरस्कार विजेता अश्वनी कुमार राजौरिया को सम्मानित किया गया। ग्रेटर नोएडा में विश्व मानक दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित समारोह में उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया गया।
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, भारत सरकार के नोएडा शाखा कार्यालय की ओर से गौरस सरोवर प्रीमियर होटल, गौर सिटी, ग्रेटर नोएडा में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें उपभोक्ता जागरूकता और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अश्वनी कुमार राजौरिया को सम्मानित किया गया। उन्हें गौतमबुद्ध नगर के मुख्य विकास अधिकारी भालचन्द्र त्रिपाठी और भारतीय मानक ब्यूरो, नई दिल्ली की उप महानिदेशक स्नेहलता ने स्मृति चिह्न भेंट किया।
इस अवसर पर अश्वनी कुमार राजौरिया ने कहा कि उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, गुणवत्ता मानकों और सुरक्षित उत्पादों के प्रति जागरूक करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। जागरूक उपभोक्ता ही अपने अधिकारों की रक्षा करने के साथ गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित उत्पादों का चयन कर सकता है।
उन्होंने बताया कि कोमल फाउंडेशन की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, बाल अधिकार और उपभोक्ता जागरूकता सहित विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने सम्मान के लिए भारतीय मानक ब्यूरो का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें सामाजिक कार्यों और जन-जागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा।