अरांव के मेधावी छात्र-छात्राएं शैक्षिक भ्रमण पर आगरा रवाना, डीएम ने दिखाई हरी झंडी
Gargachary Times
15 October 2026, 20:54
41 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* विकासखंड अरांव के परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए नवाचारी शिक्षकों की ओर से एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने हरी झंडी दिखाकर छात्र-छात्राओं के दल को आगरा के लिए रवाना किया।
शैक्षिक भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राएं ताजमहल, आगरा का किला, सिकंदरा और गुरुद्वारा सहित प्रमुख ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ ऐतिहासिक धरोहरों और सांस्कृतिक विरासत की व्यावहारिक जानकारी देना है।
डीएम ने बच्चों से पूछे सवाल
रवानगी से पहले जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनके शैक्षिक स्तर का आकलन किया। बच्चों द्वारा सवालों के सटीक जवाब देने पर अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और जीवन में कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
*नवाचारी शिक्षकों के प्रयासों की सराहना*
अधिकारियों ने मेधावी विद्यार्थियों के लिए शैक्षिक भ्रमण आयोजित करने पर शिक्षक टीम के प्रयासों की सराहना की। इस आयोजन में शिक्षक प्रमोद कुमार, दिनेन्द्र प्रताप, कृष्णकांत, सलिल यादव, सोनाली यादव, मनीषा शर्मा, मनोज कुमार, नरेंद्र सिंह, सरिता यादव और मु. शाहिद का विशेष योगदान रहा।