Loading...

मिशन शक्ति के तहत छात्रा नीति दुबे बनीं एक दिन की जिलाधिकारी*जनसुनवाई में फरियादियों की समस्याएं सुनीं,

Gargachary Times 15 October 2026, 20:55 41 views
Firozabad
मिशन शक्ति के तहत छात्रा नीति दुबे बनीं एक दिन की जिलाधिकारी*जनसुनवाई में फरियादियों की समस्याएं सुनीं,
*फिरोजाबाद।* मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय डबरई की कक्षा आठ की मेधावी छात्रा नीति दुबे को एक दिन का सांकेतिक जिलाधिकारी बनाया गया। नीति दुबे, जितेंद्र दुबे की पुत्री हैं। इस पहल के माध्यम से बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। एक दिन की जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण करने के बाद नीति दुबे ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा। उन्होंने जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को यह विश्वास दिलाना है कि उनमें प्रशासनिक और सामाजिक नेतृत्व करने की पर्याप्त क्षमता है। उचित अवसर और शिक्षा के माध्यम से वे जीवन के हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं। यह कार्यक्रम छात्राओं को भविष्य में प्रशासनिक सेवाओं सहित अन्य उच्च पदों पर पहुंचने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। एक दिन की जिलाधिकारी नीति दुबे ने कहा कि पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय डबरई की छात्रा के रूप में यह दिन उनके जीवन का सबसे अविस्मरणीय दिन है। इस अनुभव ने उनके सपनों को नई दिशा दी है। उन्होंने जिले की सभी बहनों से मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनकर समाज और देश का नाम रोशन किया जा सकता है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति के तहत इस तरह के आयोजनों से बालिकाओं में नेतृत्व कौशल विकसित होगा। साथ ही उन्हें भविष्य में प्रशासनिक एवं अन्य उच्च सेवाओं में जाने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने बालिकाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया।
Follow Samachar24