मिशन शक्ति फेज-06: स्कूलों और गांवों में छात्राओं को सुरक्षा व अधिकारों के प्रति किया जागरूक
Gargachary Times
16 October 2026, 21:08
34 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति फेज-06 अभियान के तहत शुक्रवार को फिरोजाबाद जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में छात्राओं, महिलाओं एवं शिक्षकों को जागरूक किया।
अभियान के तहत थाना नगला खंगर के स्वामी सर्वानंद इंटर कॉलेज, जसराना के आदर्श जनता इंटर कॉलेज, खैरगढ़ के एसबीएल स्कूल, मक्खनपुर के अहिल्याबाई इंटर कॉलेज, रजावली के त्रिवेणी देवी इंटर कॉलेज, नारखी के स्वामी चित्रानंद इंटर कॉलेज, टूंडला के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, एका के कस्तूरबा गांधी विद्यालय और उत्तर थाना क्षेत्र के डीएवी इंटर कॉलेज सहित कई शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसके अलावा थाना बसई मोहम्मदपुर, सिरसागंज, फरिहा, दक्षिण, लाइनपार, शिकोहाबाद और अरांव समेत अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों ने अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रमों में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा, समानता, अधिकारों और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी गई। साथ ही नशे के दुष्परिणामों, पारिवारिक विवादों और साइबर हिंसा के प्रति भी जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी परेशानी की स्थिति में महिला हेल्पलाइन *1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन **1076, आपातकालीन सेवा **112* और साइबर अपराध हेल्पलाइन *1930* का उपयोग करने की जानकारी दी। इसके साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।