Loading...

शराब के दो ठेकों में चोरी का खुलासा, 1.46 लाख रुपये बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में

Gargachary Times 17 October 2026, 20:45 63 views
Firozabad
शराब के दो ठेकों में चोरी का खुलासा, 1.46 लाख रुपये बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में
*फिरोजाबाद।* शिकोहाबाद में शराब के दो ठेकों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस और सर्विलांस टीम ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। इनके कब्जे से चोरी के कुल 1 लाख 46 हजार रुपये, एक अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, पहली चोरी की घटना ग्राम नौशहरा स्थित अंग्रेजी कम्पोजिट शराब के ठेके पर हुई थी। 14 और 15 अक्टूबर की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने ठेके से करीब 90 हजार रुपये नकद और चार से पांच पेटी शराब चोरी कर ली थी। दूसरी घटना 14 अक्टूबर की रात एटा चौराहा स्थित मॉडल शॉप पर हुई, जहां पीछे का शटर काटकर गल्ले में रखे 1 लाख 65 हजार रुपये चोरी कर लिए गए थे। दोनों मामलों में थाना शिकोहाबाद में मुकदमे दर्ज किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपराधियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 17 अक्टूबर की रात मुखबिर की सूचना पर थाना शिकोहाबाद और सर्विलांस टीम ने भगवन्त वाला बाग में देशी शराब के ठेके के पीछे दबिश देकर आरोपी इरफान पुत्र अनवर, निवासी गांव गौंछ, थाना नारखी को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। नकदी के साथ तमंचा और चोरी के औजार बरामद पुलिस के मुताबिक, आरोपी इरफान के पास से 70 हजार रुपये नकद, 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं, बाल अपचारी के पास से 76 हजार रुपये, एक लोहे की छैनी और एक हथौड़ी बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि बरामद नकदी दोनों शराब दुकानों में हुई चोरी से संबंधित है। बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) बढ़ाई गई है। अवैध तमंचा और कारतूस मिलने के मामले में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में और बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना शिकोहाबाद के प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार, सर्विलांस प्रभारी मुकेश कुमार सहित थाना पुलिस और सर्विलांस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
Follow Samachar24