मिशन शक्ति: कक्षा 11 की छात्रा अनुष्का यादव बनीं एक दिन की थानाध्यक्ष, सुनीं फरियादियों की समस्याएं
Gargachary Times
17 October 2026, 20:45
33 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत थाना मक्खनपुर पुलिस ने शनिवार को अनूठी पहल की। सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल की कक्षा 11वीं की छात्रा अनुष्का यादव को एक दिन के लिए थानाध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली को समझने के साथ फरियादियों की समस्याएं भी सुनीं।
थानाध्यक्ष चमन कुमार शर्मा ने छात्रा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उन्हें सांकेतिक रूप से एक दिन का कार्यभार सौंपा। इसके बाद अनुष्का यादव ने थाने के विभिन्न कक्षों, कार्यालयों और अभिलेखों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।
घरेलू हिंसा के मामले में पीड़िता को चिकित्सा सहायता के निर्देश एक दिवसीय थानाध्यक्ष के कार्यकाल के दौरान छात्रा के समक्ष दो मामले सुनवाई के लिए आए। इनमें एक मामला घरेलू हिंसा से संबंधित था। महिला ने अपने पति पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्रा ने सबसे पहले पीड़िता को चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाकर उनकी बात सुनी गई और काउंसलिंग के माध्यम से समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया गया।अनुष्का यादव ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी चुनौतीपूर्ण होती है। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से समझना और पीड़ित की वास्तविक स्थिति के अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई करना जरूरी है। उन्होंने इस अनुभव के लिए पुलिस प्रशासन का आभार जताया।
मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता विकसित करना तथा उन्हें महिला सुरक्षा और कानून के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के अंत में थानाध्यक्ष चमन कुमार शर्मा ने अनुष्का यादव को गिफ्ट हैम्पर देकर सम्मानित किया।