ई-रिक्शा पलटने से एक ही परिवार के 10 लोग घायल, पांच बच्चे शामिल; डीएम-एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
Gargachary Times
17 October 2026, 20:47
47 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 9:52 बजे ई-रिक्शा पलटने से एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए। घायलों में पांच बच्चे भी शामिल हैं। परिवार के लोग मडुवा माता मंदिर में आयोजित भंडारे के लिए खीर लेकर जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों के उपचार की स्थिति का जायजा लिया और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने विशेष रूप से घायल बच्चों का उचित उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।प्रशासन की ओर से घायलों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि सभी घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि उन्हें जल्द स्वास्थ्य लाभ मिल सके।