मिशन शक्ति: टूंडला में छात्राओं ने संभाली डीएम और एसएसपी की प्रतीकात्मक कमान डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने बढ़ाया उत्साह
Gargachary Times
17 October 2026, 20:47
50 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के तहत टूंडला तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बालिका सशक्तिकरण की अनूठी पहल देखने को मिली। राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज, टूंडला की कक्षा 11 की दो छात्राओं ने प्रतीकात्मक रूप से जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की भूमिका निभाकर जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए।कार्यक्रम में छात्रा दीक्षा सिसोदिया ने प्रतीकात्मक रूप से जिलाधिकारी की भूमिका निभाई, जबकि छात्रा पायल यादव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाली। दोनों छात्राओं ने आत्मविश्वास और संवेदनशीलता के साथ फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
छात्राओं की इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रशासनिक कार्यप्रणाली के प्रति समझ विकसित करना रहा। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और लोगों ने छात्राओं के आत्मविश्वास और कार्यशैली की सराहना की।इस विशेष आयोजन में आगरा परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने दोनों छात्राओं के नेतृत्व कौशल और आत्मविश्वास की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बालिकाओं को आगे बढ़ने और अपनी क्षमताओं को पहचानने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को भी बढ़ावा मिलता है।मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने बालिकाओं को प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर दिया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन कर सकती हैं।