डीएम और सीडीओ ने मतदाता पुनरीक्षण कैंप का किया निरीक्षण, पात्र युवाओं के नाम जोड़ने के दिए निर्देश
Gargachary Times
17 October 2026, 20:49
39 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने ठाकुर वीरी सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित विशेष कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे नागरिकों और पहली बार मतदान के लिए पात्र युवा मतदाताओं के नाम शामिल कराने की प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कैंप में मौजूद बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देशित किया कि वे पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरने में आवश्यक सहयोग प्रदान करें। साथ ही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।जिलाधिकारी ने 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूरी कर चुके उन सभी नागरिकों से अपील की, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें।आवेदन करते समय नागरिक अपनी अद्यतन फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित स्व-प्रमाणित दस्तावेज साथ रखें, जिससे पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने में सुविधा हो सके।इस दौरान संबंधित अधिकारियों को अभियान के तहत पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने और नागरिकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।