मिशन शक्ति अभियान: बाल विवाह के खिलाफ महिलाओं को किया जागरूक, समाजसेवियों को किया सम्मानित
Gargachary Times
18 October 2026, 19:55
56 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* मिशन शक्ति फेज-06 अभियान के तहत रविवार को पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देश्यीय हॉल में बाल विवाह एवं सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने महिलाओं और बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, महिला अधिकारों तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जिसका बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक और शैक्षिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसकी रोकथाम के लिए परिवार और समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। लोगों से बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा ऐसी किसी भी घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गई।
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा और सशक्तिकरण पर भी जोर दिया गया। बाल विवाह रोकने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों को सम्मानित किया गया। उनके प्रयासों की सराहना करते हुए सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन में निरंतर योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में चिराग सोसाइटी, बाल विवाह समिति की टीम, समाजसेवी कल्पना राजौरिया, अश्वनी राजौरिया तथा महिला हेल्पलाइन 1090 की महिला टीम मौजूद रही। इसके अलावा महिला सहायता प्रकोष्ठ प्रभारी गीता महिला पुलिस टीम के साथ, एएचटीयू प्रभारी अपनी टीम सहित तथा अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
फिरोजाबाद पुलिस ने लोगों से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने, बालिकाओं की शिक्षा एवं अधिकारों को प्राथमिकता देने और सुरक्षित व सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।