Loading...

मतदान स्थलों के संभाजन पर राजनैतिक दल 22 अक्टूबर को सायं 06 बजे तक प्रस्तुत करें दावे-आपत्तियां- जिला निर्वाचन अधिकारी।

Gargachary Times 19 October 2026, 20:28 44 views
Mainpuri
मतदान स्थलों के संभाजन पर राजनैतिक दल 22 अक्टूबर को सायं 06 बजे तक प्रस्तुत करें दावे-आपत्तियां- जिला निर्वाचन अधिकारी।
मैनपुरी:- 01 नवंबर 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण से पूर्व मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंध में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने उपस्थित राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1,200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान स्थलों के संभाजन किया जाना प्रस्तावित है इसी के तहत आलेख्य प्रकाशन किया गया है, जिसकी प्रति विधान सभावार राजनैतिक दलों को उपलब्ध करायी गयी है, इस सम्बन्ध में किसी भी राजनैतिक दल को कोई आपत्ति हो तो दि. 22 अक्टूबर की सायं 06 बजे तक दावे-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रस्तावित सूची पर दावे-आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं। उन्होने कहा कि प्राप्त दावे-आपत्तियों का सेक्टर मजिस्ट्रेट के माध्यम से स्थलीय सत्यापन कराया जाएगा, इसके उपरांत 24 अक्टूबर को प्रक्रिया को अंतिम रूप देकर 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को प्रेषित किया जाएगा। श्री त्रिपाठी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से विलोपित किए गए मतदाताओं के सत्यापन का कार्य भी संचालित है, निर्वाचक नामावलियों को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए पात्र मतदाताओं के नाम सम्मिलित कराने सहित पुनरीक्षण से संबंधित कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार 17 एवं 24 अक्टूबर को विशेष बूथ दिवस आयोजित किए जा रहे हैं, 17 अक्टूबर को सभी मतदान स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों ने उपस्थित रहकर मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने से वंचित पात्र मतदाताओं से निर्धारित प्रपत्र भरवाए तथा उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक आवेदन अपलोड किए। उन्होने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल होना आवश्यक है, इसके लिए निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ राजनीतिक दलों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई मतदान स्थलों पर बूथ लेवल एजेंट उपस्थित नहीं मिले, इस पर उन्होंने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से आगामी 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशेष बूथ दिवस पर प्रत्येक मतदान स्थल पर अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल एजेंट की उपस्थिति से बूथ लेवल अधिकारियों को मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में सहयोग मिलेगा, इससे पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सकेगा। उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के प्रति जागरूक करने तथा इस कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करने को कहा ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी या जागरूकता के अभाव में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित न रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों, राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही पूरी करने को कहा। उन्होंने कहा कि मतदान स्थलों के संभाजन, दावे-आपत्तियों के सत्यापन तथा निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों को समयबद्ध ढंग से संपन्न कराया जाए, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया व्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से आगे बढ़ सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेश चन्द्र, डिप्टी कलेक्टर एम.के. त्रिपाठी, विकल्प के अलावा भारतीय जनता पार्टी से पंकज भदौरिया, शिव प्रताप सिंह, समाजवादी पार्टी से राम नारायन बाथम, कॉग्रेस से नवीन शर्मा, बहुजन समाज पार्टी से डॉ. अवनीश शाक्य, दुर्गेश चन्द्र, आम आदमी पार्टी से संतोष श्रीवास्तव, निर्वाचन कार्यालय से प्रवीन पाण्डेय, अजय अम्बेश, अविनाश सक्सैना आदि उपस्थित रहे।
Follow Samachar24