Loading...

पत्नी की गोली मारकर हत्या करने का आरोपी भुवनेश उर्फ भोले गिरफ्तार, दो कारतूस बरामद

Gargachary Times 19 October 2026, 20:32 49 views
Firozabad
पत्नी की गोली मारकर हत्या करने का आरोपी भुवनेश उर्फ भोले गिरफ्तार, दो कारतूस बरामद
*फिरोजाबाद।* जसराना थाना क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर मस्तपुर में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में वांछित आरोपी भुवनेश उर्फ भोले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 315 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है। पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 को ग्राम अकबरपुर मस्तपुर में भुवनेश उर्फ भोले ने अपनी पत्नी सुशीला देवी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में वादी की ओर से 17 अक्टूबर को दी गई तहरीर के आधार पर थाना जसराना में मुकदमा संख्या 476/2026 धारा 85 और 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज किया गया था। आरोपी तभी से वांछित चल रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी जसराना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने 18 अक्टूबर को मुस्तफाबाद से शिकोहाबाद जाने वाले तिराहे से आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचे से संबंधित 315 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद दर्ज मुकदमे में आयुध अधिनियम की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान भुवनेश उर्फ भोले पुत्र अजन्ट सिंह, निवासी ग्राम अकबरपुर मस्तपुर, थाना जसराना, फिरोजाबाद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में भी मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर, अपराध निरीक्षक दिनेश कुमार वर्मा, कांस्टेबल घनेन्द्र सिंह और अनुज कुमार शामिल रहे।
Follow Samachar24