मिशन शक्ति फेज-06: फिरोजाबाद में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा व अधिकारों के प्रति किया जागरूक
Gargachary Times
19 October 2026, 20:33
42 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-06 अभियान के तहत सोमवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में पुलिस टीमों ने महिलाओं, बालिकाओं, छात्राओं और शिक्षिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों ने गांवों, कस्बों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर रैली व संगोष्ठियों के माध्यम से अभियान चलाया। इसके तहत थाना रजावली क्षेत्र के ग्राम राजमल, खैरगढ़ के ग्राम घनश्याम, मटसेना, रामगढ़, अरांव के बझेरा बुजुर्ग, सिरसागंज, दक्षिण थाना क्षेत्र के सुहाग नगर, एका, पचोखरा क्षेत्र के हिम्मतपुर स्थित माता मंदिर, नगला खंगर, नसीरपुर के ग्राम केसरी, टूंडला क्षेत्र के उसायनी, जसराना और उत्तर थाना क्षेत्र के कैलादेवी मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर लोगों को जागरूक किया गया।अभियान के दौरान महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा, समानता और अधिकारों, साइबर हिंसा व ऑनलाइन सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम, पारिवारिक विवाद, बाल विवाह और सामाजिक कुरीतियों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से भी अवगत कराया गया।
पुलिस टीमों ने किसी भी आपात स्थिति या उत्पीड़न की शिकायत के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी। पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील की।