फिरोजाबाद में मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी तेज, 4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन
Gargachary Times
19 October 2026, 20:34
34 views
Firozabad
फिरोजाबाद।* कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया की तैयारियों, मतदाता सूची के सत्यापन और बूथ स्तर पर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि मतदाता सूची के लिए अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। इस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। विशेष पुनरीक्षण अभियान 24 अक्टूबर को आयोजित होगा। इसके बाद 31 अक्टूबर को डाटा फ्रीज किया जाएगा और दो नवंबर को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। 12 नवंबर से 12 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और अन्य दावे-आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को किया जाएगा।
जिले में बढ़े 10 मतदाता स्थल बैठक में बताया गया कि जिले में मतदाता स्थलों की संख्या 2181 से बढ़कर 2191 हो गई है। विधानसभा क्षेत्रवार मतदाता स्थलों की संख्या में टूंडला में 472, जसराना में 467, फिरोजाबाद में 439, शिकोहाबाद में 413 और सिरसागंज में 400 मतदाता स्थल शामिल हैं।सरल प्रक्रिया से जुड़ेंगे नए मतदाता
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन कराने की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। इसके लिए निर्धारित फॉर्म के साथ आधार कार्ड अथवा अन्य वैध पहचान संबंधी दस्तावेजों का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं के रूप में चिह्नित लोगों का सत्यापन तेजी से कराया जा रहा है, ताकि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम सूची से न छूटे।
जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को अपने निर्धारित बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने वाले बीएलओ के विरुद्ध सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कांग्रेस के जिला महासचिव शैलेंद्र शर्मा, जिला पंचायत सदस्य अशोक यादव, समाजवादी पार्टी के जिला सचिव चरण सिंह यादव, बहुजन समाज पार्टी के एबरन सिंह जाटव और अखिलेश कुमार, सीपीआईएम के महामंत्री नवल सिंह एडवोकेट, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मानवेंद्र प्रताप लोधी, जिला उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह सहित मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी कल्पना जायसवाल, समस्त उप जिलाधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।