Loading...

क्लिनिकल डेंटिस्ट्री में उत्कृष्ट योगदान को आईडीए ने सराहा, चांसलर और प्रो-चांसलर ने बताया समूचे ब्रज का गौरव

Gargachary Times 19 October 2026, 20:38 34 views
Education
क्लिनिकल डेंटिस्ट्री में उत्कृष्ट योगदान को आईडीए ने सराहा, चांसलर और प्रो-चांसलर ने बताया समूचे ब्रज का गौरव
मथुरा। केडी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनेश लाहौरी को क्लिनिकल डेंटिस्ट्री के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं और उल्लेखनीय योगदान के लिए इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) की ओर से राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित लाइफटाइम अचीवमेंट चरक अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया। मुम्बई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में उपस्थित अतिथियों की करतल ध्वनि के बीच डॉ. लाहौरी को आईडीए अध्यक्ष डॉ. मनोज श्रीवास्तव, महासचिव डॉ. अशोक धोब्ले, चरक अवॉर्ड समिति के चेयरमैन डॉ. दीपक माहेश्वरी तथा प्रीवेस्ट डेनप्रो की चेयरमैन अतुल मोदी ने सम्मानित किया। इस उपलब्धि से केडी विश्वविद्यालय और केडी डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में हर्ष का माहौल है। डॉ. लाहौरी को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान पर केडी विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने बधाई देते हुए कहा कि डॉ. लाहौरी की यह उपलब्धि उनकी दीर्घकालीन साधना, व्यावसायिक उत्कृष्टता और चिकित्सा शिक्षा के प्रति समर्पण का सम्मान है। उनका योगदान संस्थान के लिए प्रेरणास्रोत है। यह उपलब्धि केडी विश्वविद्यालय के साथ-साथ समूचे ब्रज क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर श्री मनोज अग्रवाल ने कहा कि डॉ. लाहौरी को मिला यह सम्मान उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और दंत चिकित्सा के क्षेत्र में उनके योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। उनकी उपलब्धि विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और भावी चिकित्सकों को अपने कार्यक्षेत्र में श्रेष्ठता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। डॉ. लाहौरी ने सम्मान के लिए इंडियन डेंटल एसोसिएशन, प्रीवेस्ट डेनप्रो तथा चयनित जूरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें दंत चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ सेवाएं देने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि सम्मान भले ही किसी एक व्यक्ति को मिलता है, लेकिन उससे मिलने वाला सकारात्मक संदेश सभी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर केडी विश्वविद्यालय के सीईओ अरुण अग्रवाल, केडी मेडिकल कॉलेज के डीन एवं प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका, उप-प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर, केडी डेंटल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर, कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी डॉ. लाहौरी को बधाई देते हुए इसे विश्वविद्यालय और ब्रज क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
Follow Samachar24