Loading...

फरह में मंडलीय खो-खो प्रतियोगिता का समापन, बालक वर्ग में हाथरस और बालिका वर्ग में आगरा की टीम बनी चैंपियन

Gargachary Times 20 October 2026, 20:06 54 views
Mathura
फरह में मंडलीय खो-खो प्रतियोगिता का समापन, बालक वर्ग में हाथरस और बालिका वर्ग में आगरा की टीम बनी चैंपियन
फरह। कस्बा फरह के रेवती लाल विवेक इंटर कॉलेज, रैपुरा जाट में सोमवार को मंडलीय खो-खो प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ। एक दिवसीय इंटर स्कूल 14 और 17 आयु वर्ग की इस प्रतियोगिता में आगरा मंडल के तीन जिलों आगरा, मथुरा और हाथरस की 18 टीमों ने भाग लिया। बालक वर्ग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में नारायण इंटरनेशनल स्कूल हाथरस ने शानदार खेल दिखाते हुए चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। आगरा कॉलेज आगरा की टीम उपविजेता रही, जबकि श्री राजेंद्र स्वरूप स्कूल आगरा ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में डिवाइन पब्लिक स्कूल आगरा ने बेहतरीन प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्री राजेंद्र स्वरूप स्कूल आगरा दूसरे और मेजबान रेवती लाल विवेक इंटर कॉलेज रैपुरा जाट की टीम तीसरे स्थान पर रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मूला सिंह, दिलीप सिंह और डॉ. पप्पू ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में अछनेरा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख योगराज सिंह और विशिष्ट अतिथि के रूप में शारीरिक शिक्षक निखिल कुमार मौजूद रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख योगराज सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच देने की जरूरत है। विद्यालय प्रबंधक समीर कुमार सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य बच्चों को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाना है। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका शाहिद हुसैन और शाहिद खान ने निभाई। इस दौरान प्रधानाचार्य अशोक दीक्षित, विवेक सिंह, शेखर शर्मा, हर्षित चौधरी, तरुण कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Follow Samachar24