Loading...

संजय निषाद की BJP को चेतावनी, बोले- आरक्षण दो वरना भुगतोगे; अखिलेश को गोरखपुर से हराने का दावा

Gargachary Times 21 October 2026, 20:00 38 views
Delhi
संजय निषाद की BJP को चेतावनी, बोले- आरक्षण दो वरना भुगतोगे; अखिलेश को गोरखपुर से हराने का दावा
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने बुधवार को भाजपा को कड़ी चेतावनी दे दी है। उन्होंने दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में सम्मेलन के बहाने शक्ति प्रदर्शन किया। कहा, मछुआरा समाज को आरक्षण देना होगा। साथ तभी देंगे, जब आरक्षण की बात होगी। संजय निषाद ने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा की मित्र है और वह नहीं चाहती कि गठबंधन को नुकसान हो। भाजपा को जल्द निर्णय लेना होगा। अगर मांग पूरी नहीं हुई तो भाजपा धोखा खाएगी। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि निषाद समाज के भविष्य के लिहाज से यह चुनाव अहम होगा। संजय ने दावा किया कि भाजपा और सपा, दोनों निषाद पार्टी का साथ चाहती हैं। निषाद पार्टी के बिना सत्ता अधूरी है और सरकार को उनकी मांग पूरी करनी पड़ेगी। कार्यकर्ता से संजय निषाद ने कहा, “फाइट करने के लिए तैयार हो जाइए, दिल्ली दूर नहीं है। जनता जिस दिन कुछ करेगी, पसीना छूट जाएगा।” उन्होंने दावा किया कि तालकटोरा के नाम पर बड़ी-बड़ी पार्टियां घबरा गईं। संजय निषाद ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को गोरखपुर से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि वह भाजपा के सहयोग के बिना चुनाव लड़ेंगे और सपा से ज्यादा वोट लेकर जीतेंगे। समाज की आबादी करीब 18% है और उसे आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए। संविधान में हमारा हिस्सा लिखा है। निषाद समाज अब अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठा रहा है। निषादराज के किले और भगवान राम से जुड़े प्रसंगों का भी जिक्र किया। कहा कि निषाद समाज की ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने के साथ ही उसके बच्चों को आरक्षण का लाभ भी मिलना चाहिए।
Follow Samachar24