मीडिएशन 3.0’ अभियान के तहत विवादों के सौहार्दपूर्ण निस्तारण को लेकर जागरूकता
Gargachary Times
22 October 2026, 19:37
51 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश डॉ. बब्बू सारंग के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फिरोजाबाद द्वारा ‘मीडिएशन 3.0’ अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर जनजागरूकता और प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित समाधान कराने के प्रति जागरूक करना है।अभियान के तहत आमजन को बताया जा रहा है कि न्यायालयों में लंबित मामलों के साथ-साथ मुकदमा दायर होने से पहले के विवादों का भी आपसी बातचीत, सहमति और समझौते के जरिए निस्तारण किया जा सकता है। मध्यस्थता एक वैकल्पिक विवाद निस्तारण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से पक्षकार अनावश्यक मुकदमेबाजी से बचते हुए समय और धन की बचत कर सकते हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विभिन्न माध्यमों से लोगों को मध्यस्थता के लाभों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही पात्र मामलों में मध्यस्थता अपनाने और आपसी सहमति से विवादों का समाधान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मध्यस्थता के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ाना तथा अधिक से अधिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने आमजन से अपील की है कि वे विवादों के निस्तारण में संवाद, आपसी सहमति और मध्यस्थता को प्राथमिकता दें तथा ‘मीडिएशन 3.0’ अभियान का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि मध्यस्थता से न केवल विवादों का सरलता से समाधान संभव है, बल्कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और आपसी संबंधों को बेहतर बनाने में भी मदद मिलती है।